डबवाली न्यूज़ (अरुण सिंगला)15 हजार सीटों की काउंसलिंग पर रोक...बी।एड। कॉलेजों को राहत,7 कॉलेजों के पक्ष में न्यायालय ने दिए निर्देश... महानगर संवाददाता॥ जयपुर, 15 सितम्बर। हाइकोर्ट के निर्देशों पर शिक्षा विभाग ने कल बीएड की करीब 15 हजार सीटों के लिए चल ...रही तीसरी काउंसलिंग रोक दी है।विभाग के उच्च अधिकारियों का कहना है कि ऐसा हाइकोर्ट के निर्देशों की पालना में किया गया है। शिक्षा विभाग में स्कूल शिक्षा के प्रमुख शासन सचिव ललित के। पंवार ने बताया कि कल हाइकोर्ट ने सत्र 2009-10 के लिए सात बीएड कॉलेजों को मान्यता देकर पीटीईटी की काउंसलिंग में शामिल करने संबंधी निर्देश दिए हैं। आज विभाग न्यायालय के इस निर्णय पर विचार करके काउंसलिंग का आगामी कार्यक्रम तय कर लेगा। मिली जानकारी के मुताबिक हनुमानगढ़ के श्याम शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान और झुंझुनूं के वर्षा, नीलकण्ठ समेत चार अन्य शिक्षण प्रशिक्षण संस्थानों ने मान्यता के लिए हाइकोर्ट में याचिका दायर की थी। इन्हें सत्र 2008-09 के लिए मान्यता के लिए आवेदन करने के बावजूद सरकार से मान्यता नहीं मिल सकी थी, जबकि उस समय एनसीटीई के अधीन इन कॉलेजों के मान्यता संबंधी प्रकरण विचाराधीन थे। इसके बाद गत वर्ष 17 नवम्बर को राज्य सरकार ने एक निर्देश जारी करके वर्ष 2009-10 में बी।एड. कॉलेजों की भरमार हो जाने का हवाला देते हुए किसी भी नए बीएड कॉलेज को मान्यता नहीं देने के निर्देश जारी कर एनसीटीई को इसकी सूचना भिजवाई थी। इसके बाद सत्र 2009-10 के लिए किसी भी नए कॉलेज को मान्यता नहीं मिली। वर्तमान में राज्य के 783 बीएड कॉलेजों की करीब 91 हजार सीटों के लिए इस बार बीएड की काउंसलिंग शुरू की गई थी। तीसरी काउंसलिंग की 15 हजार सीटों के लिए करीब 18 हजार अभ्यर्थियों को वरीयता के आधार पर शामिल किया गया था। इनमें से 16 हजार 385 ने रजिस्ट्रेशन फीस जमा करवाकर कॉलेजों के विकल्प लॉक कर दिए थे। कल रात कॉलेज आवंटन किए जाने थे, लेकिन दिन में न्यायालय के निर्णय की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग ने फिलहाल काउंसलिंग रोक दिए जाने के निर्देश जारी किए। अब बीएड में सात सौ सीटें और बढ़ जाएंगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दो तीन दिन में काउंसलिंग का नया कार्यक्रम घोषित कर दिया जाएगा। यह भी कहा जा रहा है कि काउंसलिंग को निरस्त नहीं कर दुबारा से ऑप्शन की प्रक्रिया पूरा करवाने के साथ ही बढ़ाई गई सात सौ सीटों को भी शामिल किया जाएगा। इससे सात सौ पात्र अभ्यर्थियों को सीएड करने का मौका मिल सकेगा। यह भी कहा जा रहा है कि राज्य सरकार के नए बीएड कॉलेजों को मान्यता नहीं देने के 17 नवम्बर 08 के निर्णय पर एनसीटीई राज्य सरकार के पक्ष में हाइकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट में बीएड कॉलेजों के खिलाफ गई। सुप्रीम कोर्ट ने वापस मामला हाइकोर्ट को भेज दिया था। इसके बाद न्यायालय द्वारा याचिका दायर करने वाले बीएड कॉलेजों के पक्ष में निर्णय देते हुए इन्हें राहत देने की बात कही जा रही है।
Comments
अपराधों के खिलाफ तीन राज्यों की पुलिस एकजुट
डबवाली न्यूज़ (अरुण सिंगला) पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में अपराध पर रोक लगाने, पुलिस का आपसी सहयोग तथा तालमेल बढ़ाने और हरियाणा में हो रहे विधानसभा चुनाव में अपराधी किसी वारदात को अंजाम न दे सकें। इन सब मुद्दों को लेकर डबवाली के थाना शहर में तीनों राज्यों की अन्तर जिला पुलिस बैठक का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता डबवाली के डीएसपी बलवीर सिंह ने की। इस बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीएसपी डबवाली बलवीर सिंह ने बताया कि अन्तर जिला पुलिस अधिकारियों की इस बैठक में पुलिस के आपसी तालमेल सम्बन्धी कई मामले उठे और हरियाणा में हो रहे विधानसभा चुनाव में मद्देनजर शान्ति बनाये रखने के लिए जिला सिरसा के साथ लगते पंजाब एवं राजस्थान क्षेत्र के उन अपराधियों की सूची तैयार करना जो इन दिनों सक्रिय हैं या चुनाव के समय सक्रिय हो सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव में गड़बड़ी के लिए बदमाश साथ लगते पंजाब के बठिण्डा या फिर राजस्थान के संगरिया व हनुमानगढ़ के होटलों को अपने अड्डे न बना सकें, इसके लिए कुछ स्थानों को संदेह के घेरे में लिया गया है और वहां पर सम्बन्धित पुलिस निगह रखे और उनकी योजनाओं की जानकारी का आदान-प्रदान करे। इस मौके पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अक्तसर चुनावों के दौरान पोस्त और शराब जैसे नशों की तस्करी बढ़ जाती है, इन पर लगाम कसने के लिए बैठक में विचार-विमर्श हुआ और साथ में यह भी चिन्हित किया गया कि तस्कर कहां से सामान लाते हैं और उसकी आपूर्ति करते हैं। बैठक के दौरान संगरिया के डीएसपी रामजी लाल चंदेल ने प्रश्न उठाया कि अवैध रूप से शराब बनती हरियाणा में है और बिकती राजस्थान में है। यह शराब मिलावटी होती है और इससे कोई भी बड़ा कांड हो सकता है। इसे भी रोका जाना चाहिए। बैठक का उद्देश्य बताते हुए डीएसपी बलवीर सिंह ने बताया कि सिपाही से लेकर थाना प्रभारी तक को अपराधियों और अपराधियों द्वारा अपराध करने के ढंग तथा साथ लगते जिलों के क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का ज्ञान हो, इस सम्बन्धी बैठक में चर्चा की गई। उनके अनुसार बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर ली गई है और वहां पर नाके भी स्थापित किये जा रहे हैं। बैठक में पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराधिक मामलों के सम्बन्ध में सूचनाओं का आदान प्रदान करने के लिए गठित कोर्डिनेशन कमेटी के सदस्यों ने भी भाग लिया। इस कोर्डिनेशन कमेटी के तहत तीनों राज्यों के 11 जिले आते हैं। जिनमें हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद और हिसार, राजस्थान के हनुमानगढ़, गंगानगर, पंजाब के बठिण्डा, मानसा, मोगा, मुक्तसर, फिरोजपुर आदि जिले आते हैं। इस बैठक में पंजाब पुलिस के प्रतिनिधि के रूप में बठिण्डा के डीएसपी एच।एस. रंधावा, राजस्थान पुलिस के प्रतिनिधि के रूप में संगरिया के डीएसपी रामजी लाल चंदेल और हरियाणा पुलिस के प्रतिनिधि के रूप में डबवाली के डीएसपी बलवीर सिंह उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त सीआईए सिरसा से इंस्पेक्टर किशोरी लाल, थाना शहर डबवाली के प्रभारी वीरेन्द्र सिंह, थाना सदर डबवाली के प्रभारी भगवान दास, डिंग, सिरसा, ऐलनाबाद, कालांवाली के थाना प्रभारी भी उपस्थित थे।
दस हजार दो, बस भर
( अरुण सिंगला )- चुनावों का मौसम आते ही रैलियों का दौर आ गया है। इसके साथ ही रैलियों के लिए भीड़ जुटानेवालों की बन आई है। ये लोग सभाओं के लिए बेरोजगारों व ऐसे मौके के लिए सहज उपलब्ध लोगों को वाहनों में भर कर पहुंचाते हैं। जो नेता जितना पैसा खर्च करता है वह अधिक भीड़ जुटा लेता है और बड़े नेताओं तक अपनी बेहतर पकड़ का सुबूत दे पाता है। इस बार रैलियों में भीड़ बढ़ाने वाले अपनी कीमत खुद लगा रहे हैं और उन्होंने रेट भी बढ़ा दिए हैं। पहले जहां पांच हजार रुपये खर्च कर नेता एक बस भर लेते थे, वहीं इस बार दोगुनी राशि खर्च करनी पड़ रही है। जिले में यह धंधा काफी फल-फूल रहा है और बेरोजगारों को बिना काम किए पैसे के साथ ही अच्छा खाना भी मिल रहा है। जनता पर पकड़ मजबूत दिखाने के लिए नेताओं को भीड़ जुटाने में पसीने आते हैं। लेकिन चुनावी सभाओं व रैलियों में जाने के लिए भीड़ का इंतजाम करना अब अधिक मुश्किल नहीं रहा। जब जेब भरी हो तो इस समस्या का भी समाधान आसानी से हो सकता है। यही कारण है कि गांवों व कस्बों में होने वाली चुनावी सभाओं में भी काफी भीड़ उमड़ रही है। यह अलग बात है कि हर सभा में कई चेहरे समान होते हैं। टिकट वितरण से पहले पार्टी हाईकमान को अपनी ताकत का अहसास करवाने के लिए टिकट के दावेदारों को काफी पापड़ बेलने पड़ रहे हैं। ऐसे नेताजी दिल्ली-चंडीगढ़ के बीच चिकरघन्नी तो बने ही हुए हैं, किसी कार्यक्रम या सभा में आला नेताओं के आने पर शक्तिपरीक्षण से भी नहीं चूकते। अपनी ताकत का अहसास करवाने के लिए भीड़ ही सबसे बढि़या तरीका है। आसपास के शहर में कार्यक्रम होने पर वहां बैनर लगी गाडि़यों का काफिला लेकर जाने का तो फैशन सा बन गया है। इसके लिए बाकायदा गाडि़यों के काफिले के साथ फोटो बनवाकर मीडिया में छपवाई जाती हैं ताकि अगले दिन उसे शीर्ष नेताओं को दिखाकर अपने जनाधार का ढिंढोरा पीटा जा सके। चुनावी मौसम में अचानक बढ़ी मांग के चलते रैली में भाग लेने वाले लोगों ने अपनी कीमत में भारी इजाफा कर दिया है। पहले जहां एक बस (करीब 55-60 व्यक्ति) भरने के लिए पांच से छह हजार रुपये खर्च करने पड़ते थे, वहीं अब इसके लिए दस हजार रुपये तक व्यय करने पड़ रहे हैं। समय के अनुसार रेट में थोड़ा बदलाव आता रहता है। यदि एक ही दिन में दो रैलियां हों तो रेट और बढ़ जाते हैं, लेकिन इंतजाम दोनों के लिए हो जाता है। रैली में ले जाने वाले की हैसियत के अनुसार भी रेट में बदलाव होता रहता है। एक-दो राजनीतिक पार्टियों को छोड़ अन्य पार्टियों ने अभी तक प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही ही भीड़ बढ़ाने वालों की मांग में जोरदार तेजी आएगी। 25 सितंबर के बाद बड़े-बड़े नेताओं के दौरे शुरू होंगे, जिनकी मौजूदगी में जनता पर अपनी पकड़ दिखाई जाएगी व तब भीड़ जुटानेवालों का धंधा और चमक जाएगा। मतदाताओं का एक बड़ा वर्ग ऐसा होता है जो अंत समय में जीतने की स्थिति में दिखने वाले प्रत्याशी के पक्ष में झुक जाता है। यही मतदाता जीत-हार में निर्णायक भूमिका भी निभाते हैं। इस भीड़ के माध्यम से ऐसे मतदाताओं को अपने पक्ष में मोड़ने का प्रयास भी होता है।
जाटलैंड बना खाकी की परेशानी
डबवाली(अरुण सिंगला )हरियाणा की राजनीति में जाटलैंड का खासा महत्व रहा है। राजनीति मुहिमों के बिगुल अक्सर इसी क्षेत्र से फूंके जाते रहे हैं। लेकिन बीती कुछ घटनाओं की वजह से विधानसभा चुनाव के दौरान यही इलाका पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। प्रदेश के गृह विभाग ने भी पुलिस को चेताया है कि चुनाव के दौरान इस इलाके पर पैनी नजर रखी जाए और प्रदेश के इस हिस्से को बाकी से अलग रखकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। सूत्र कहते हैं कि चिंता नाजायज नहीं है। जाटलैंड राजनीति और सामाजिक दृष्टिकोण से हमेशा से महत्वपूर्ण रहा है। हरियाणा के ज्यादातर कद्दावर इसी क्षेत्र की देन हैं। चौधरी छोटूराम, ताऊ देवीलाल, चौधरी बंसीलाल, ओमप्रकाश चौटाला, मौजूदा मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा और वित्तमंत्री बीरेंद्र सिंह इसी इलाके के हैं। प्रदेश की राजनीति हमेशा से जाट को ध्यान में रखकर ही की जाती रही है। यह सभी कारक यहां के लोगों को अहसास कराने के लिए काफी हैं कि वह बाकियों से कहीं ज्यादा बेहतर हैं। और, शायद यहीं से शुरू होती है पुलिस की समस्या? पीछे की कुछ घटनाएं इस तरफ इशारा भी करती हैं। छोटी सी बात को मान सम्मान का प्रश्न बनाकर आर-पार की लड़ाई लड़ना यहां का फैशन बन चुका है। राजनीति हो या समाज हर जगह अपनी चलाना जैसे यहां शगल हो गया है। इसके लिए कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने में यह पीछे नहीं हटते। प्रेम विवाह के कारण हुई पांच हत्याएं इस बात की निशानी है। कई ऐसे उदाहरण है जब वे पुलिस से भी भिड़ गए। ऐसा ही कुछ अरसे पहले भिवानी में लोगों ने पुलिस पर ही हमला बोल दिया था। महम व गोहाना कांड हो या फिर बाबा रामपाल के आश्रम पर पुलिस की घेराबंदी, सभी मसलों में इन लोगों ने पुलिस को खुली चुनौती दी। एक अधिकारी कहते हैं कि इस इलाके में ही अपराधी गिरोहों के साथ-साथ अंडरवर्ल्ड की गतिविधियां भी देखने को मिलती रही हैं। वह कहते हैं कि ऐसा नहीं कि बाकी जगह कभी कुछ हुआ ही नहीं। लेकिन वहां की घटनाएं एक प्रतिक्रिया कही जा सकती हैं। अलबत्ता जाटलैंड का इतिहास अलग है। वह कहते हैं कि पुलिस को हिदायत दी गई है कि हर वह चीज अमल में लाई जाए जिससे कानून-व्यवस्था दुरूस्त रहे। पब्लिक के मान सम्मान को ठेस पहुंचाए बगैर सारा काम किया जाए। उधर, डीजीपी (कानून व व्यवस्था) वीएन राय कहते हैं कि चुनाव में पुलिस पूरी तरह से तैयार है। उनका कहना है कि लोकसभा की तरह से यह चुनाव भी शांतिपूर्ण तरीके से निबट जाएगा?
वकीलों व ट्रांसपोर्टरों में हिंसक झड़प, सात घायल
बठिंडा(अरुण सिंगला ): कोर्ट फीस में बढ़ोतरी के विरोध में सोमवार को वकीलों की राज्यव्यापी हड़ताल रही। इस दौरान बठिंडा में बस स्टैंड पर ट्रैफिक जाम करने को लेकर वकीलों व ट्रांसपोर्टरों के बीच जमकर हिंसक झड़प हुई, जिसमें छह वकील व एक प्राइवेट बस चालक घायल हो गए। मारपीट से भड़के वकीलों ने दो बसों में जमकर तोड़फोड़ भी की। इसके बाद लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस द्वारा बसों की आवाजाही शुरू करवाई गई। इस बारे में पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गौर हो कि कोर्ट फीस में बढ़ोतरी के खिलाफ जिला बार एसोसिएशन के आह्वान पर सुबह पौने 11 बजे लगभग 250 वकीलों ने बस स्टैंड पर जाम लगा दिया। इस पर प्राइवेट ट्रांसपोर्टर और उनके ड्राइवर व कंडक्टर भड़क उठे। इस दौरान हुई कहासुनी में दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान दो निजी बसों की वकीलों द्वारा जमकर जमकर तोड़फोड़ की गई। इस पर गुस्साए ड्राइवरों व कंडक्टरों ने डंडों और राडों से वकीलों की पिटाई शुरू करते हुए ईट-पत्थर बरसाए। इस झड़प में छह वकील व एक बस ड्राइवर घायल हो गए। इसी दौरान पुलिस वहां पहुंची व दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। उधर, बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों व ट्रांसपोर्टरों ने एक दूसरे पर बसों में तोड़फोड़ व मारपीट का आरोप लगाते हुए प्रशासन से पर्याप्त सुरक्षा की मांग की है। इस बारे में एसपी (डी) अजय मलूजा का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वकीलों ने जाम किया ट्रैफिक जालंधर, अमृतसर : कोर्ट फीस में बढ़ोतरी के विरोध में सोमवार को वकीलों ने चंडीगढ़ सहित प्रदेश भर की अदालतों में रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान वकीलों ने अदालतों में कामकाज ठप रखा। इस सिलसिले में जालंधर में रोष मार्च निकाला गया और बीएमसी चौक पर एक घंटे तक ट्रैफिक जाम कर धरना दिया गया। धरनास्थल पर सांसद व पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष मोहिंदर सिंह केपी तथा जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान अरुण वालिया ने भी वकीलों का समर्थन करते हुए धरना दिया। अमृतसर में वकीलों ने कचहरी चौक जाम कर दिया और पंजाब सरकार का पुतला फूंका। वकीलों ने दो दिवसीय राज्यस्तरीय हड़ताल के पहले दिन पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पर्यावरण सुरक्षा होगी और महँगी
डबवाली (अरुण सिंगला )बदलते मौसम के प्रभावों से विकासशील देशों को बचाने पर आने वाला खर्च आशा के विपरीत कहीं ज़्यादा आने के आसार हैं.दिसंबर में कोपेनहेगन में होने वाले जलवायु सम्मेलन में एक नया समझौता होना है, जिसके तहत विकासशील देश अपने यहाँ जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिए अमीर देशों से भारी वित्तीय मदद की उम्मीद कर रहे हैं.वर्ष 2007 में संयुक्त राष्ट्र के जलवायु परिवर्तन सम्मेलन के एक अनुमान के मुताबिक़ ये खर्च 49 से 171 अरब डॉलर प्रतिवर्ष बताया गया था.इस रिपोर्ट के प्रमुख लेखक मार्टिन पैरी ने लंदन के इंपीरियल कॉलेज में कहा,“कोपेनहेगन शिखर सम्मेलन में बदलते मौसम के असर से निपटने पर आने वाले वित्तीय ख़र्च का जो अनुमान पेश किया जाएगा, उसी पर ये निर्भर करेगा कि जलवायु परिवर्तन पर समझौता हो पाएगा या नहीं.”कोपेनहेगन शिखर सम्मेलन में बदलते मौसम के असर से निपटने पर आने वाले वित्तीय ख़र्च का जो अनुमान पेश किया जाएगा, उसी पर ये निर्भर करेगा कि जलवायु परिवर्तन पर समझौता हो पाएगा या नहींप्रोफैसर मार्टिन पैरी, प्रमुख रिपोर्ट लेखकप्रोफ़ेसर पैरी बदलते मौसम पर बने अंतरसरकारी आयोग यानी आईपीसीसी के सन 2007 के उस कार्यदल के सहअध्यक्ष भी रहे हैं, जिसने इस ख़र्च का अनुमान पेश किया था.अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण और विकास अनुसंधान संस्थान और ग्रैंथम संरस्थान की और से जारी की गई इस नई रिपोर्ट में कहा गया है कि 2007 के आंकड़ों में बहुत से तथ्यों को अनदेखा किया गया था इसीलिए वास्तविक ख़र्च पहले के मुकाबले दो या तीन गुना ज्यादा आने के आसार हैं.रिपोर्ट में ये भी कहा गया है, कि संयुक्त राष्ट्र के पिछले अनुमान के कुछ आधार शत-प्रतिशत ग़लत रहे.
अकेले हैं मगर कोई गम नहीं, दम है,
डबवाली(अरुण सिंगला ) पिछली बार की तरह एक बार फिर इनेलो हरियाणा के विधानसभा चुनाव में अकेले दम मैदान में उतर रही है। भाजपा ने पिछली बार सत्ता में साथ बने रहने के बाद चुनाव के ऐन मौके पर इनेलो से हाथ छुड़ा लिया था जबकि इस बार भी गठबंधन कर साथ चलने की हामी भरने के बाद चुनाव का ऐलान होने से पहले ही उसका साथ छोड़ दिया। मगर इस सबके बाद भी इनेलो ने इस सदमे से उबरकर अपने प्रचार को पूरी तरह जीवित रखा। इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला अपने प्रमुख नेताओं के साथ राज्यभर के निरंतर दौरे कर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भर रहे हैं। उनका कहना भी है कि कांग्रेस अपने हक में हवा के जो दावे कर रही है, वह जमीनी सच्चाई से कोसों दूर हैं। चंडीगढ़ में बैठकर पूरे हरियाणा की तस्वीर दिखाकर कांग्रेस लोगों को गुमराह कर रही है। गांवों-शहरों में जाकर देखें तो पता चलता है कि लोग बिजली-पानी, सड़क, स्वास्थ्य व शिक्षा की सभी मूलभूत सुविधाओं से कितने वंचित हैं। उन्होंने कहा कि इस बार इनेलो, भाजपा, हजकां, बसपा के अकेले-अकेले चुनाव लड़ने का सबसे ज्यादा नुकसान कांग्रेस को होगा क्योंकि सभी उसमें सेंध लगाएंगे जबकि इनेलो को अपने जनाधार पर पूरा भरोसा है जो पूरी तरह से एकजुट है। कांग्रेस को हकीकत का अहसास 18 के बाद हो जाएगा जब उसके उम्मीदवारों का ऐलान होगा। तब टिकट न मिलने से खफा कई बड़े कांग्रेसी नेता अन्य दलों की ओर रुख करेंगे या फिर पार्टी में रहकर अपने प्रत्याशी का खेल खराब करने में जुटेंगे। इनेलो ने सबसे पहले अपने करीब आधे प्रत्याशियों का ऐलान कर और पार्टी घोषणापत्र जारी करके अन्य दलों के मुकाबले बाजी मार ली है और चुनाव प्रचार में भी वह अन्य दलों से आगे चल रही है। जब तक कांग्रेस अपनी टिकटें बांटेगी, तब तक इनेलो प्रमुख चौटाला राज्य के हर हलके का एक दौरा मुकम्मल कर चुके होंगे जो रोजाना ही चार-पांच हलकों को छू रहे हैं। इनेलो के पास अजय-अभय की जोड़ी और पार्टी के अन्य सीनियर नेताओं की मजबूत टीम है और उसे कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान व मतभेदों का भी भरपूर लाभ मिलने की उम्मीद है। बकौल चौटाला जितने बड़े, सक्रिय व कर्मठ लीडर इनेलो में हैं उतने किसी अन्य दल में नहीं हैं। कांग्रेस के तो कई मौजूदा नेताओं ने अपनी राजनीति की शुरुआत उनके पिता चौ देवीलाल की रहनुमाई में की थी और उसके जो चार-पांच नेता खुद को वरिष्ठ मानते भी हैं, उनकी आपस में ही नहीं पटती। बसपा व भाजपा के प्रदेश में आधार से तो सभी वाकिफ हैं और उनके पास एक भी ऐसा नेता नहीं है जिसे प्रदेश स्तर का नेता कहा जा सके। हजकां में चौ भजनलाल और कुलदीप बिश्नोई के सिवाय और ऐसा नेता ढूंढे नहीं मिलेगा जिसकी पहचान पूरे प्रदेश में हो लेकिन हजकां का मकसद कुछ सीटें जीतकर दोबारा कांग्रेस में वापसी करने का है। ऐसे में केवल इनेलो ही है जिसके पास ऐसे नेताओं की लंबी फेहरिस्त है जो न केवल जनता में सक्रिय हैं बल्कि जिनकी पहचान पूरे प्रदेश में है।
बड़ा भाई भी हत्या में शामिल, गिरफ्तार
डबवाली( अरुण सिंगला )गाव चोरमार में एक औरत द्वारा प्रेमी संग मिलकर अपने ही नौजवान बेटे की योजनाबद्ध तरीके से हत्या करने के मामले में ओढा पुलिस ने मृतक के बड़े भाई को भी हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उधर गत दिनों पकड़े गए आरोपी मा व उसके प्रेमी को अदालत ने एक दिन के पुलिस रिमाड पर भेज दिया है। गौरतलब है कि गाव चोरमार में एक कलियुगी मा मलकीत कौर ने अपने प्रेमी नारग निवासी चरणजीत सिंह के साथ चल रहे अवैध संबंधों में बाधा पैदा करने वाले अपने 20 वर्षीय बेटे सुखा सिंह की साजिश अनुसार शराब में कीटनाशक मिलाने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी थी। हत्या के दोनों आरोपियों को पुलिस ने कल चोरमार से काबू कर लिया था। उन्होंने पुलिस ने सामने अपना जुर्म भी स्वीकार किया था। वहीं आज इसी मामले में पुलिस ने मृतक के बड़े भाई जगमीत सिंह को हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। जगमीत ने पुलिस के सामने स्वीकार करते हुए हत्या का कारण बताया कि मृतक सुखा खुद कोई काम नहीं करता था और रोजाना शराब के लिए पैसे मागकर उसे बेवजह परेशान करता था। पैसे न देने पर घर से उठाकर कोई न कोई समान बेच देता था। इन्हीं कारणों से परेशान होकर उसने हत्या में योजनानुसार शराब में मिलाने के लिए कीटनाशक दवा लाकर दी थी। पुलिस ने जगमीत के खिलाफ भी हत्या मामला कर लिया है। उधर हत्या के मामले में पकड़ी गई कातिल मलकीत कौर व चरणजीत सिंह उर्फ सोहन को डबवाली न्यायालय में पेश किया गया। जहा से दण्डाधिकारी महावीर सिंह के आदेश पर एक दिन के पुलिस रिमाड पर भेज दिया है।
एचएसजीपीसी सदस्यों पर मामला दर्ज
कुरुक्षेत्र(अरुण सिंगला ): शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने गुरुद्वारा छठी पातशाही का प्रबंध अपने हाथों में लेकर परिसर में टास्क फोर्स तैनात कर दी है। एसजीपीसी ने सोमवार को एचएसजीपीसी अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा समेत पांच लोगों को नामजद कर सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ गुरुद्वारे पर हमला बोलने, गुरु घर की मर्यादा तोड़ने व लूटपाट करने के आरोप में केस दर्ज करवाया है। पुलिस को की गई शिकायत में हथियारों से लैस होकर गुरुद्वारे पर हमला करने, गुरु घर की मर्यादा तोड़ने, कैश काउंटर पर कब्जा कर लूटपाट करने, स्टाफ के साथ मारपीट करने, ताले तोड़ने और संगत के रास्ते में बाधा डालने के आरोप लगाए गए हैं। एसजीपीसी अध्यक्ष अवतार सिंह मक्कड़ ने कहा कि बाद में ही पता चल पाएगा कि दफ्तर का कितना रिकार्ड या कैश गायब है। मक्कड़ ने कहा कि कांग्रेस साजिश की कामयाबी के करीब पहुंच चुकी थी, परंतु झींडा कायरता दिखा कर भाग गए। यदि साजिश कामयाब हो जाती तो सिखों का बड़ा नुकसान हो सकता था। उन्होंने सोमवार को गुरुद्वारा छठी पातशाही में ओहदेदारों के साथ बैठक की। गुरुद्वारे के सामने भारी पुलिस बल डटा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सिखों को आपस में भिड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि अलग कमेटी के नाम पर कांग्रेस कई सालों से राजनीति कर रही है। उसकी हर चाल को नाकाम किया जाएगा।
डब्वाली न्यूज़
इनेलो की शहरी इकाई ने शहर में जनसम्पर्क अभियान को गति प्रदान करते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ वाइज लोगों के घर-घर जाकर पार्टी द्वारा घोषित किए गए चुनावी घोषणा पत्र की विस्तार पूर्वक जानकारी देने का आह्वान किया है। इनेलो पार्षद टेक चन्द छाबड़ा व गुरजीत सिंह द्वारा कार्यकर्ताओं को दिये गये निर्देशों के अनुसार कार्यकर्ता मतदाताओं को वायदों के मुताबिक 3 हजार रुपये मासिक बेरोजगारी भत्ता देने, सभी वर्गाें के लोगों को एक लाख तक के कर्जे माफ करने, गैस सिलेण्डर कनेक्शन मुफ्त देने, गरीबों को 25 किलो गेहूं प्रतिमाह देना व अन्य जनकल्याणकारी घोषणाओं के बारे में बतायें। उन्होंने कहा कि जब भी चौधरी देवीलाल व ओमप्रकाश चौटाला ने लोगों से जो भी वायदे किये है उन्हे पूरी तरह से निभाया गया है। इस अवसर पर गुरचरण सिंह, सुरेद्र छिन्दा, पूर्व पार्षद रिका सेठी, पार्षद सुखविंदर सरा, संतोष सिंह, धन्ना सिंह, काला जापानी, राम सिंह बिश्रनेई, अशोक ग्रोवर, राजेंद्र सिंह पप्पू, सतपाल लोहगढि़या, गुरलाल सिंह, कृष्ण ढालिया, सुखविंद्र प्रधान, हसराज, दुनी चंद शर्मा, सरदारी लाल ग्रोवर, इकबाल सिंह, जग्गा सिंह बराड़, बृज मोहन शर्मा, जसवन्त फौजी, राज कुमार नरूला, अमनदीप व नीरज गुप्ता सहित दर्जनों सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित थे।
डबवाली न्यूज़
हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के उप-प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद शर्मा को वीरवार सायं न्यू बस स्टेड रोड पर एक व्यक्ति ने पेट में तेजधार हथियार घोंपकर घायल कर दिया। घायल शर्मा को डबवाली के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहा से उन्हे बेहतर उपचार के लिए सिरसा रेफर कर दिया गया। शर्मा आज विभाग द्वारा दिए गए ऋण की किश्तें लेने के लिए डबवाली आए हुए थे। मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के उप-प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद शर्मा डबवाली में विभाग द्वारा दिए गए ऋण की किश्तें न्यू बस स्टेड रोड पर एकत्रित कर रहे थे कि जूती बनाने का कार्य करने वाले हंसराज की दुकान पर बंसीलाल नामक व्यक्ति से उनकी झड़प हो गई जिससे तैश में आकर बंसी लाल ने राजेंद्र प्रसाद शर्मा के पेट में जूती बनाने के कार्य में प्रयोग किए जाने वाली तेजधार रम्पी घोंप दी और मौके से फरार हो गया। वहा के दुकानदार पूर्ण चंद जग्गरवाल ने उन्हे उपचार के लिए बस स्टेड के नजदीक जस्सी अस्पताल ले गए जहा से प्राथमिक उपचार के उपरात उसे सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया गया। संदीप पारीक नामक युवक ने उन्हे अपने मोटरसाइकिल द्वारा सिविल अस्पताल में पहुंचाया। चिकित्सकों के मुताबिक उनके पेट से तेजधार हथियार निकाल दिया गया है। हथियार लगने से पेट पर गहरा जख्म हो गया है जिस पर टाके लगाने के बाद उपचार के लिए सिरसा रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना थाना शहर पुलिस को दे दी गई है। बताया जाता है कि बंसी लाल ने राजेंद्र प्रसाद से नया ऋण दिए जाने की माग की थी जिस पर राजेंद्र प्रसाद ने उसे बीपीएल कार्ड देने को कहा था और कार्ड को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। तैश में आकर बंसी लाल ने राजेंद्र प्रसार शर्मा के पेट में रम्पी घोंप दी।
Posted by अरुण सिंगला
डबवाली न्यूज़
Arun singla--------------युवा काग्रेसी नेता अमित सिहाग ने वीरवार को युवाओं के साथ मिलकर जनसंपर्क अभियान की शुरूआत वार्ड न. 16 से की। उन्होंने इस वार्ड न. 16 में काग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता अमन भारद्वाज के घर गए और वहा से उन्होंने वार्ड के युवाओं के साथ मिले और उन्हे कांग्रेस की जनहित नीतियों के बारे में बताया और चुनाव के कायरें में जुट जाने को कहा। इसके बाद उन्होंने इस अभियान के तहत इस वार्ड की समाध वाली गली व चक्क वालों की गली में हर घर-घर जाकर बडे़-बूढों का आशीर्वाद लिया और अपना साथ देने की अपील की। इस अभियान में उनके साथ अरुण बासल, जगवीर सिंह, नवदीप बासल, अजय बासल, जगजीत सिंह, बलविंद्र, जिम्मी, धर्मेद्र, कपिल, विपन, राजेश जैन, कुलभुषण, सतीश, नवी, विनय, रुपिंद्र, दीपक, हरदीप, रोहित, दीपू जैन, राहुल, दीपक, कर्णजीत, सुखराज, गुरप्रीत इसा, इद्रजीत, बलविंद्र सहित अनेक युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे।





