खराब फैसले ने सचिन को 17 हजारी बनने से रोका
नई दिल्ली ।। सोमवार को सभी क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें सचिन तेंडुलकर पर लगी हुई थीं। मास्टर ब्लास्टर को वन डे में 17000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 47 रन की जरूरत थी। जब भारत मोहाली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे वन डे में 251 रन के लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरा तो सभी को उम्मीद थी कि सचिन इस मैच में ही 17000 रन पूरे कर लेंगे। सचिन भी जमकर बैटिंग करते हुए आगे बढ़ते रहे और इसी के साथ स्टेडियम में बैठे हजारों और टेलिविजन से चिपके करोड़ों फैन्स की उम्मीदें भी बढ़ती गईं। सचिन 40 रन तक पहुंच गए और लोग सांसें रोक कर उनके 47 रन तक पहुंचने का इंतजार करने लगे, लेकिन तभी श्रीलंकाई अंपायर अशोक डिसिल्वा के गलत फैसले ने सचिन के साथ साथ सभी की निराश कर दिया। डिसिल्वा ने सचिन को ऑफ स्पिनर नाथन हॉरिट्ज की बॉल पर एलबीडब्ल्यू आउट दे दिया, जबकि रीप्ले में साफ था कि वह बॉल लेग स्टंप के बाहर जा रही थी। बॉल मिडिल स्टंप पर पड़ कर लेग की तरफ टर्न हुई थी। पता नहीं डिसिल्वा को यह सब क्यों नहीं दिखा। अब क्रिकेट प्रेमियों को सचिन के 17000 रन के लिए हैदराबाद में होने वाले पांचवें वन डे तक इंतजार करना होगा। 1989 में पाकिस्तान में इंटरनैशनल क्रिकेट में कदम रखने वाले सचिन ने अब तक वन डे में 16993 रन बनाए हैं। इनमें 44 सेंचुरी और 91 हाफ सेंचुरी शामिल हैं। उन्होंने 159 टेस्ट मैचों में 42 सेंचुरी और 53 हाफ सेंचुरी समेत 12773 रन बनाए हैं।

