उत्तर प्रदेश में जाड़े का कहर जारी : कोहरे से यातायात प्रभावितलखनऊ /बिहार/मनाली । उत्तर भारत में शीत लहर का प्रकोप जारी है। श्रीनगर में बर्फबारी के बाद जहां तापमान शून्य से भी नीचे चला गया वहीं राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश व बिहार में शीतलहर जारी है। यूपी में ३० लोगों की मौत हो चुकी है। लखनऊ स्थित राहत आयुक्त कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार देर रात से अब तक शीतलहर से राज्य में कम से कम ३० लोगों की मौत हो गई है। इनमें सबसे ज्यादा पांच-पांच मौतें पूर्वी उत्तर प्रदेश के बलिया और मिर्जापुर जिलों में हुईं। राज्य के कुछ हिस्सों में तापमान गिरकर तीन डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। शाहजहांपुर में सबसे कम २.८ डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया।बलरामपुर, श्रावस्ती और गोंडा जिलों में न्यूनतम तापमान गिरकर करीब तीन डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जबकि लखनऊ का न्यूनतम तापमान ८.६ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने सोमवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि पर्वतीय क्षेत्रें में हो रही बर्फबारी के कारण वहां से आने वाली हवाएं यहां ठिठुरन बढ़ा रही हैं। गुप्ता ने कहा कि कड़ाके की सर्दी का यह दौर आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा। अगले २४ घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में और ज्यादा गिरावट होगी। कोहरे के कारण रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। नई दिल्ली और मुंबई से लखनऊ आने वाली और यहां से दिल्ली-मुंबई जाने वाली सभी उड़ानों में विलंब हो रहा है। यही हाल रेलगाडिय़ों का भी है। लखनऊ आने वाली और लखनऊ से होकर बिहार और पश्चिम बंगाल की तरफ जाने वाली सभी रेलगाडिय़ां चार से १२ घंटे विलंब से पहुंच रही हैं। उधर, सर्दी के मद्देनजर लखनऊ में कक्षा आठ तक के स्कूल सात जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। लखनऊ के जिला विद्यालय निरीक्षक गणेश कुमार ने आईएएनएस से कहा कि कड़ाके की सर्दी को देखते हुए यह फैसला किया गया है। बिहार में शीतलहर के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को रविवार की तुलना में पटना के न्यूनतम तापमान में वृद्घि अवश्य दर्ज की गई है, लेकिन शीतलहर के कारण ठंड का कहर जारी है। विभाग के अनुसार पटना में सोमवार को न्यूनतम तापमान ८.८ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो रविवार की तुलना में ०.८ डिग्री सेल्सियस अधिक है। सोमवार को गया सबसे ठंडा जिला रहा जहां का न्यूनतम तापमान ६. ६ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, सर्दी के बढ़ते प्रभाव के कारण वैशाली, गोपालगंज, सीवान, किशनगंज मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों के स्कूल अगले दो दिनों के लिए बंद कर दिए गए हैं। पटना मौसम विभाग के प्रभारी निदेशक एस आ़ई लश्कर ने सोमवार को बताया कि मौसम में अगले दो दिनों तक बदलाव की कोई संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि पछुआ हवाओं के कारण बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में शीतलहर का कहर जारी है। इधर, घने कोहरे के कारण रेल और सड़क मार्ग पर वाहनों का परिचालन प्रभावित हो रहा है। दानापुर रेल मंडल के सूचना जन संपर्क अधिकारी रंजीत सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह कोहरे के कारण इस मार्ग पर १३ रेलगाडिय़ां विलंब से चल रही हैं। हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल मनाली में भी सोमवार सुबह जमकर बर्फबारी हुई। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। शिमला स्थित मौसम विज्ञान कार्यालय के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया, मनाली में सोमवार सुबह बर्फबारी हुई। बर्फ चार से पांच इंच तक जम गई है। सिंह ने कहा कि मनाली के निकट के कोठी, मारही, गुलाबा और रोहतांग दर्रे के निकट पिछले २४ घंटे के दौरान बर्फबारी हुई। उन्होंने बताया, इस मौसम में मनाली में यह दूसरी बर्फबारी है। इससे पहले नौ नवंबर को बर्फबारी हुई थी।ग्वालियर में सभी स्कूल 7 तक बंदकड़ाके की ठंड के चलते ग्वालियर में सभी निजी एवं सरकारी स्कूलों को 7 जनवरी तक बंद रखने के आदेश जिला प्रशासन ने दिये हैं। प्रशासन ने यह आदेश बच्चों को ठंड से होने वाली परेशानियों के चलते दिया है। गौरतलब है कि उत्तरी हवाओं से पड़ रही कड़ाके की ठंड ने ग्वालियर को भी कंपकपा दिया है।

