नई दिल्ली, 16 जनवरी। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक बार फिर बर्ड फ्लू फैल गया है। इसकी पुष्टि होने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने तीन डॉक्टरों का एक दल घटनास्थल पर जांच के लिए भेज दिया। मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि मुर्शिदाबाद के खारग्राम और नबाग्राम इलाकों में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद तीन डाक्टरों का एक दल घटनास्थल के लिए रवाना हो गया है। इनमें एक दिल्ली और दो कोलकाता के डॉक्टर है।
जांच के बाद ये डॉक्टर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेंगे। सूत्रों का कहना है कि देश में बर्ड फ्लू के पुष्टि होने का इस साल यह पहला मामला है। कोलकाता से प्राप्त समाचार के अनुसार मुर्शिदाबाद के खारग्राम और नबाग्राम इलाकों में बर्ड फ्लू के संभावित खतरे को देखते हुए मुर्गी फार्मां में मुर्गियों को मारने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी परवेज ए. सिद्दिकी ने कहा कि मृत मुर्गियों के नमूनों को भोपाल स्थित प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया था, जहां इनमें बर्ड फ्लू होने की पुष्टि हुई है। जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुभाष मंडल ने कहा कि इस संक्रमण के खतरे के मद्देनजर खारग्राम और खंडी के अस्पतालों में अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था कर दी गई है।


0 comments:
Post a Comment