दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर एरिक सिमंस टीम इंडिया के नए बॉलिंग कोच होंगे। एरिक सिमंस 16 जनवरी को बांग्लादेश में टीम इंडिया के साथ जुड़ेंगे। वेंकटेश प्रसाद को हटाए जाने के बाद टीम इंडिया का कोई नियमित बॉलिंग कोच नहीं था। हाल में गेंदबाजों की धुनाई के बाद कप्तान एमएस धोनी ने भी बॉलिंग कोच की मांग की थी जिसे बीसीसीआई ने आज पूरा कर दिया।
बीते कुछ दिनों से टीम इंडिया के गेंदबाज बहुत सधा हुआ प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे। उनके प्रदर्शन में जबर्दस्त उतार-चढ़ाव देखा जा रहा था। बॉलिंग कोच नहीं होने की वजह से कोच गैरी कर्स्टन पर भी दबाव बढ़ गया था।
आशीष नेहरा जहां अपने अच्छे फॉर्म को कायम नहीं रख पा रहे वहीं श्रीशांत और जहीर की गाड़ी भी पटरी से उतर रही है। घरेलू जमीन पर पिटने के बाद ये गेंदबाज बांग्लादेश में ट्राई सीरीज के दौरान भी खूब पिटे। ऐसे में बीसीसीआई ने कोच नियुक्त कर ही दिया।
सिमंस इस समय दक्षिण अफ्रीका में वेस्टर्न प्रॉविंस के कोच हैं। 47 साल के सिमंस ऑलराउंडर हैं और दक्षिण अफ्रीका के कोच भी रह चुके हैं। बताया जाता है कि सिमंस की नियुक्ति फिलहाल ट्रायल बेसिस पर है। वे बांग्लादेश जाकर टीम को ज्वाइन करेंगे। कोच और कप्तान की रिपोर्ट मिलने के बाद उनकी स्थायी नियुक्ति पर विचार किया जाएगा।


0 comments:
Post a Comment